टाउनशिप में घुसने से रोका तो चौकीदार को कार से कुचला, इलाज के दौरान मौत; रिश्तेदार भी घायल

You are currently viewing टाउनशिप में घुसने से रोका तो चौकीदार को कार से कुचला, इलाज के दौरान मौत; रिश्तेदार भी घायल

इंदौर के लसूड़िया इलाके में टाउनशिप में कार लेकर जबरन प्रवेश करने से रोकने पर विवाद इतना बढ़ गया कि एक चौकीदार की जान चली गई। आरोप है कि कार सवार युवक ने पहले चौकीदार के साथ मारपीट की और बाद में कार से उसे कुचल दिया।

घटना बुधवार रात करीब 10 बजे द एक्जोटिका टाउनशिप के गेट के पास हुई। पुलिस के मुताबिक, अरडिया गांव निवासी राजा उर्फ कमल कुमावत अपने दोस्तों के साथ कार लेकर टाउनशिप में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था।

गेट पर तैनात चौकीदार धर्मेंद्र पुत्र रामचंद मालवीय ने कार को अंदर जाने से रोक दिया। उस समय धर्मेंद्र के साथ उसका रिश्तेदार गोविंद भी मौजूद था। प्रवेश को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।

धर्मेंद्र के चाचा मनोहर के मुताबिक, विवाद के दौरान राजा ने धर्मेंद्र को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद टाउनशिप के मालिक से मोबाइल फोन पर बात कराई गई। मालिक ने राजा को कार लेकर वहां से जाने के लिए कहा, जिसके बाद वह मौके से चला गया।

आरोप है कि कुछ देर बाद राजा दोबारा कार लेकर टाउनशिप के गेट पर पहुंचा। इस दौरान उसने धर्मेंद्र और गोविंद को कार से टक्कर मार दी। घटना में गोविंद के पैर में फ्रैक्चर हो गया और वह घायल हो गया।

बताया जा रहा है कि इसके बाद आरोपी ने कार को वापस मोड़ा और धर्मेंद्र को दोबारा कार से कुचल दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से कार लेकर फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल धर्मेंद्र को परिजन इलाज के लिए एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे।

अस्पताल में उपचार के दौरान धर्मेंद्र की मौत हो गई। धर्मेंद्र करीब एक साल से टाउनशिप में चौकीदार के तौर पर काम कर रहा था। वह मूल रूप से देवास का रहने वाला था और अपने परिवार के साथ रह रहा था।

धर्मेंद्र के परिवार में पत्नी, दो बच्चे और मां हैं। उसकी मौत के बाद परिवार में मातम का माहौल है। परिजनों ने घटना को लेकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने उसके घर पर भी दबिश दी, लेकिन वह वहां नहीं मिला। पुलिस आरोपी की तलाश के साथ ही घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, मामले में घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। परिजनों की ओर से आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज करने की मांग की गई है। जांच के बाद घटना की पूरी स्थिति और जिम्मेदार लोगों की भूमिका स्पष्ट होगी