जरात के जूनागढ़ जिले में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की जान चली गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। यह दुर्घटना माजेवाड़ी गांव के पास उस समय हुई, जब बनासकांठा जिले का एक परिवार अपने दिवंगत रिश्तेदार की अस्थियां विसर्जित करने के लिए सोमनाथ जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में घायल हुए चार लोगों को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को अस्पताल भेजा और मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की। शुरुआती जांच में हादसे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल यह माना जा रहा है कि कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ। इस दुर्घटना के बाद परिवार और क्षेत्र में शोक का माहौल है।

