राजौरी में LOC के नजदीक लैंडमाइन विस्फोट, सेना के JCO सहित 4 जवान घायल

You are currently viewing राजौरी में LOC के नजदीक लैंडमाइन विस्फोट, सेना के JCO सहित 4 जवान घायल

जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा (LOC) के समीप मंगलवार को एक लैंडमाइन विस्फोट में भारतीय सेना के चार जवान घायल हो गए। घायलों में एक जूनियर कमीशंड ऑफिसर (JCO) भी शामिल हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ा दी गई है।

जानकारी के अनुसार हादसा नौशेरा सेक्टर के कलाल क्षेत्र में हुआ, जहां सेना की एक टीम नियमित गश्त पर निकली हुई थी। इसी दौरान अचानक जमीन में दबा विस्फोटक सक्रिय हो गया और जोरदार धमाका हुआ, जिसकी चपेट में आकर चार सैनिक घायल हो गए।

विस्फोट की सूचना मिलते ही आसपास तैनात सैन्य कर्मी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायल जवानों को तत्काल सैन्य अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। अधिकारियों के मुताबिक सभी घायल सैनिकों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

सेना के सूत्रों का कहना है कि सीमा क्षेत्रों में घुसपैठ रोकने के लिए कई स्थानों पर बारूदी सुरंगें बिछाई जाती हैं। मौसम और प्राकृतिक कारणों से कई बार ये सुरंगें अपनी निर्धारित जगह से खिसक जाती हैं, जिससे इस तरह की घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।

प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि जवानों का संपर्क ऐसी ही एक विस्थापित लैंडमाइन से हुआ, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। घटना के बाद पूरे इलाके में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और सुरक्षा एजेंसियां स्थिति का आकलन कर रही हैं।