MP Son River Tragedy: मध्य प्रदेश के सीधी जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध भंवरसेन घाट पर सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। मैहर जिले से परिवार और रिश्तेदारों के साथ पिकनिक मनाने आए चार युवक-युवतियां सोन नदी में नहाने के दौरान गहरे पानी और खतरनाक भंवर की चपेट में आकर डूब गए। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही चारों नदी में समा गए। हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों की चीख-पुकार से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सभी लोग पिकनिक का आनंद लेने के बाद नदी में नहाने उतरे थे। इसी दौरान वे नदी के उस हिस्से में पहुंच गए जहां पानी काफी गहरा था और तेज बहाव के साथ भंवर बन रहा था। कुछ ही क्षणों में चारों पानी में लापता हो गए। सूचना मिलते ही रामपुर नैकिन थाना पुलिस, खड्डी चौकी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। तहसीलदार आशीष मिश्रा के नेतृत्व में तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू कराया गया और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू की गई।
तलाशी अभियान के दौरान एक युवती का शव घटनास्थल से करीब आधा किलोमीटर दूर नदी में बरामद किया गया। मृतका की पहचान ज्योति सेन (24) निवासी बूढ़ा बाउर, थाना रामनगर, जिला मैहर के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा परिजनों को इसकी सूचना दे दी गई है। वहीं हादसे में सुभी सेन (15), नीलू बैस (22) और लखन केवट (26) अब भी लापता हैं। उनकी तलाश के लिए नदी के आसपास के क्षेत्रों में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
प्रशासन का कहना है कि सभी लोग संभवतः नदी के गहरे भंवर में फंस गए थे, जिसके कारण वे बाहर नहीं निकल सके। बचाव दल नदी के विभिन्न हिस्सों में तलाश कर रहा है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त संसाधनों की भी मदद ली जा सकती है। घटना के बाद पीड़ित परिवारों में मातम पसरा हुआ है और गांव में शोक का माहौल है। भंवरसेन घाट पर हर वर्ष बड़ी संख्या में लोग घूमने और स्नान के लिए पहुंचते हैं, लेकिन नदी के कुछ हिस्से अत्यंत जोखिमपूर्ण माने जाते हैं। इस हादसे ने एक बार फिर जलाशयों और नदियों में सुरक्षा नियमों का पालन करने की आवश्यकता को रेखांकित किया है। फिलहाल प्रशासन की निगरानी में रेस्क्यू अभियान जारी है और लापता तीनों लोगों की तलाश की जा रही है।