उज्जैन में मटन दुकानों को लेकर फिर गरमाई सियासत:हिंदू जागरण मंच ने कहा-दुकानें बाहर हुईं तो महापौर का दूध से स्नान कराएंगे,पहले भी किए थे दावे

You are currently viewing उज्जैन में मटन दुकानों को लेकर फिर गरमाई सियासत:हिंदू जागरण मंच ने कहा-दुकानें बाहर हुईं तो महापौर का दूध से स्नान कराएंगे,पहले भी किए थे दावे

उज्जैन शहर में शराबबंदी के बाद अब मांस-मटन और मछली की दुकानों को नगर सीमा से बाहर करने का मुद्दा फिर गरमा गया है। महापौर द्वारा दावा किए जाने के बावजूद एमआईसी बैठक में प्रस्ताव पेश नहीं हो सका, जिस पर हिंदूवादी संगठनों ने नाराजगी जताई है। संगठनों ने जनप्रतिनिधियों की निर्णय क्षमता पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि महापौर शहर से मटन दुकानों को हटाने में सफल होते हैं तो उनका दूध से स्नान कराया जाएगा।

धार्मिक नगरी उज्जैन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहले ही शराब की दुकानों को नगर निगम सीमा से बाहर करवा चुके हैं। इसके बाद से शहर से मांस-मटन और मछली की दुकानों को हटाने की मांग लगातार उठती रही है। हाल ही में उज्जैन महापौर मुकेश टटवाल ने घोषणा की थी कि इस संबंध में एमआईसी बैठक में प्रस्ताव लाया जाएगा। माना जा रहा था कि प्रस्ताव पारित होने के बाद दुकानों को नगर सीमा से बाहर करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

प्रस्ताव ही तैयार नहीं किया गया

हालांकि बैठक में यह प्रस्ताव रखा ही नहीं गया। महापौर मुकेश टटवाल ने बताया कि प्रस्ताव नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा को भेजा गया था, लेकिन एमआईसी बैठक में इसे शामिल नहीं किया गया। इसके चलते इस विषय पर कोई निर्णय नहीं हो सका।

महापौर के बयान के बाद हिंदू जागरण मंच के अर्जुन भदौरिया और रितेश माहेश्वरी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इससे पहले भी ऐसे दावे किए जा चुके हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि दो साल पहले भी निगम परिषद में पार्षद गब्बर भाटी और रजत मेहता ने इस मुद्दे को लेकर बैनर लहराए थे और महाकाल मंदिर मार्ग से मटन दुकानों को हटाने का दावा किया गया था, लेकिन आज तक एक भी दुकान नहीं हटाई गई।

इस बार भी दुकानें हटने का भरोसा नहीं

अर्जुन भदौरिया ने कहा कि इस बार भी उन्हें भरोसा नहीं है कि दुकानों को शहर से बाहर किया जाएगा। हालांकि यदि महापौर वास्तव में मांस-मटन की दुकानों को हटाने में सफल होते हैं तो हिंदूवादी संगठन उनका दूध से स्नान कर सम्मान करेंगे।

बता दें कि महाकाल मंदिर पहुंच मार्ग के कई प्रमुख रास्तों पर मांस की दुकानें संचालित हो रही हैं। इनमें हरिफाटक से बेगमबाग, मालीपुरा से तोपखाना, बसफोड़ गली से तोपखाना, सब्जी मंडी-छत्री चौक, पटनी बाजार से महाकाल मार्ग और तेलीवाड़ा से छोटा पुल होते हुए खारकुआं क्षेत्र शामिल हैं। इसके अलावा पूरे शहर में 150 से अधिक मांस-मटन और मछली की दुकानें संचालित होने की जानकारी सामने आई है।