‘आज खत्म हुई ईरान-अमेरिका जंग…’, ट्रंप के इस बयान पर तेहरान का जवाब, कहा- कोई डील नहीं हुई

You are currently viewing ‘आज खत्म हुई ईरान-अमेरिका जंग…’, ट्रंप के इस बयान पर तेहरान का जवाब, कहा- कोई डील नहीं हुई

अमेरिका और ईरान जंग फरवरी महीने में शुरू हुई थी, उसके बाद से ही पूरी दुनिया को इस युद्ध का असर झेलना पड़ा रहा है. हालांकि पिछले कुछ समय तक सीजफायर लागू रहा लेकिन इसके बाद भी हमले जारी रहे. इन सब के बीच अब अमेरिकी राष्‍ट्रपति ट्रंप  ने दावा किया कि ईरान और अमेरिका जंग अब खत्म हो चुकी है. उन्‍होंने कहा कि  उम्मीद है कि इस वीकेंड यूरोप में इस पर साइन किए जाएंगे. दूसरी तरफ ट्रंप के इस तरह के दावे को ईरान पूरी तरह से खारिज कर द‍िया है.

गुरुवार को व्हाइट हाउस में बोलते हुए अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने ईरान के साथ युद्ध को लेकर एक शानदार समझौता कर लिया है. उन्‍होंने इस डील के जल्द पूरा होने की उम्मीद जताई है.

ट्रंप ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि कि इस डील के पूरा होते ही होर्मुज जलडमरूमध्य आधिकारिक तौर पर खोल दिया जाएगा. मतलब यह कि किसी भी तरह की रोक नहीं रहेगी. पहले की तरह ही यहां से जहाज आ जा सकेंगे. इस ऐलान से पहले ट्रंप ने कहा था कि आज ईरान पर अब तक का सबसे बड़ा हमला किया जाएगा. लेकिन कुछ ही समय बाद उन्‍होंने हमला रोकने के आदेश दे द‍िए थे.

38 बार कर चुके जंग खत्म होने का दावा

अमेरिकी राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप जंग रोकने का दावा कई बार कर चुके हैं. मीडिया रिपोर्ट की मानें तो अब तक उन्‍होंने इस तरह का दावा 38 बार किया है. लेकिन हर बार उनके दावे महज कुछ घंटों के भीतर खोखले ही साबित हुए हैं. यही वजह है कि इस बार के दावे पर भी सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं. ट्रंप ने अपने बयान में यह भी दावा किया कि ईरान ने भविष्य में कभी परमाणु हथियार नहीं बनाने की बात मान ली है.

ईरान ने ट्रंप के दावों पर क्या कहा?

ट्रंप के दावों पर ईरान ने कहा कि जब तक हमारी तरफ से इस तरह का ऐलान नहीं किया जाता है, तब तक इस तरह के दावों में किसी भी तरह की सच्चाई नहीं है.  ईरान ने अभी किसी अंतिम समझौते की पुष्टि नहीं की है. तेहरान का कहना है कि प्रस्ताव अब भी समीक्षा के दौर में है और कुछ अहम मुद्दों पर फैसला बाकी है.