आईसीसी ने 3 जून को टेस्ट बल्लेबाजों की ताजा रैंकिंग जारी कर दी है, जिसमें भारतीय खिलाड़ियों की स्थिति में बदलाव देखने को मिले हैं. आईसीसी की ताजा रैंकिंग में भारतीय टीम के टेस्ट कप्तान शुभमन गिल को नुकसान हुआ है. जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को एक स्थान का फायदा हुआ है. वहीं, भारतीय स्टार ओपनर यशस्वी जायसवाल ने अपनी मजबूत स्थिति को बरकरार रखा है.
शुभमन गिल को हुआ नुकसान
आईसीसी की नई टेस्ट रैंकिंग में भारतीय कप्तान शुभमन गिल को एक स्थान का नुकसान हुआ है. मौजूदा रैंकिंग में गिल 730 रेटिंग्स के साथ नौवें स्थान से खिसककर दसवें पायदान पर पहुंच गए हैं. नई टेस्ट रैंकिंग में इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जो रूट 880 रेटिंग्स के साथ टॉप पर बने हुए हैं. वहीं, दूसरे नंबर पर 857 अंकों के साथ हैरी ब्रूक दूसरे नंबर पर बने हुए हैं. तीसरे पायदान पर 853 अंकों के साथ ट्रेविस हेड हैं.
टॉप-10 में जायसवाल की एंट्री
इसके अलावा भारतीय स्टार ओपनर यशस्वी जायसवाल टॉप-10 में शामिल हो गए हैं. बता दें, 750 रेटिंग्स के साथ जायसवाल आठवें नंबर पर हैं. इसके अलावा भारतीय स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को एक रैंक का फायदा हुआ है. पंत 14वें स्थान से 13वें पायदान पर आ गए हैं.
वनडे रैंकिंग में भारतीय बल्लेबाजों का जलवा
वहीं, वनडे रैंकिंग में भारतीय बल्लेबाजों का जलवा देखने को मिला है. वनडे रैंकिंग में टॉप-5 में 3 भारतीय शामिल हैं. वनडे बैटिंग रैंकिंग में डेरिल मिचेल 815 रेटिंग्स के साथ अपनी बादशाहत कायम रखी है. इसके अलावा विराट कोहली दूसरे पायदान पर हैं. रोहित शर्मा चौथे और शुभमन गिल पांचवें नंबर पर बने हुए हैं.