पश्चिम बंगाल में पहले चरण का मतदान पूरा हो चुका है. दूसरे चरण के लिए अब राजनीतिक दलों ने अपना प्रचार तेज कर दिया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को बंगाल में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने टीएमसी पर जमकर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के चुनाव परिणाम 4 मई को आएंगे. इसके घोषित होते ही मिठाइयां और झालमुड़ी बांटी जाएगी.
पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि 4 मई को विजय जश्न होगा. इसके बाद मिठाई और झालमुड़ी भी बांटी जाएगी, उन्होंने टीएमसी पर तंज कसते हुए कहा कि झालमुड़ी मैंने खाई थी लेकिन झाल टीएमसी को लगी है.
बंगाल की सरकार को केवल अपने हितों की चिंता- PM
प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल की निर्मम सरकार को सिर्फ अपने हितों की चिंता है, उसे आपके सुख-दुख से कोई लेना देना नहीं है. हमारे मथुरापुर के कारीगरों ने कबाड़ से कंचन बनाने का अभियान चला रखा है, लेकिन भंग मेले को राज्य सरकार से वो समर्थन नहीं मिला, जो मिलना चाहिए था. ये मेला राज्य सरकार की प्रशासनिक विफलता का सबसे बड़ा सबूत है.
भाजपा का संकल्प है, मथुरापुर के भंग मेले को हम स्वच्छ भारत मिशन का गौरव बनाएंगे. हम इस मेले के कारीगरों को डिजिटल स्किल देंगे, उन्हें सेफ्टी गियर देंगे और मेला स्थान को एक व्यवस्थित मार्केट हब बनाएंगे.
TMC ने बंगाल की महिलाओं का हक छीन लिया
पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार 2029 के लोकसभा चुनाव से महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रस्ताव लेकर संसद में आई थी, लेकिन TMC ने इसके खिलाफ वोटिंग की. TMC ने बंगाल की महिलाओं का हक छीन लिया.बंगाल मां दुर्गा को पूजने वालों की धरती है, TMC ने यहां महिलाओं के सम्मान को जो ठेस पहुंचाई है, उन पर जो अत्याचार हुए हैं, आपका वोट इसका हिसाब करेगा. अब अन्याय नहीं सहना है. बहुत हो चुका, ये 15 साल तक जुल्म करते रह. अब ऐसा नहीं चलेगा.
बंगाल में परिवर्तन की चल रही आंधी- मोदी
बंगाल में परिवर्तन की आंधी चल रही है. आज पहले चरण की वोटिंग में जिस तरह बंगाल की महिलाओं ने, बंगाल के युवाओं ने टीएमसी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है, वो पूरा देश देख रहा है. बंगाल में हो रहा बंपर मतदान ये साफ साफ दिखा रहा है कि भय हार रहा है और भरोसे की जीत पक्की है.