भोपाल में जुटेंगे युवा विधायक, दो दिन चलेगा संसदीय मंथन; MP-राजस्थान-छत्तीसगढ़ के नेता होंगे शामिल

You are currently viewing भोपाल में जुटेंगे युवा विधायक, दो दिन चलेगा संसदीय मंथन; MP-राजस्थान-छत्तीसगढ़ के नेता होंगे शामिल

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल जल्द ही तीन राज्यों के युवा विधायकों के संवाद का केंद्र बनने जा रही है। 30 और 31 मार्च को यहां दो दिवसीय युवा विधायक सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें मध्य प्रदेश के साथ-साथ राजस्थान और छत्तीसगढ़ के युवा जनप्रतिनिधि भाग लेंगे। इस दौरान विधायी प्रक्रियाओं, संसदीय परंपराओं और जनप्रतिनिधियों की भूमिका जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी।

कार्यक्रम का आयोजन विधानसभा परिसर के विधान परिषद भवन में किया जाएगा। इस सम्मेलन का उद्देश्य युवा विधायकों को संसदीय व्यवस्था की बारीकियों से परिचित कराना और लोकतांत्रिक प्रणाली को बेहतर तरीके से समझने का अवसर देना है।

करीब 70 से 80 युवा विधायक होंगे शामिल

विधानसभा सचिवालय के अनुसार इस कार्यक्रम में तीनों राज्यों के लगभग 70 से 80 युवा विधायक भाग ले सकते हैं। इसके लिए राजस्थान और छत्तीसगढ़ विधानसभा से प्रतिभागियों के नाम भी मांगे गए हैं, ताकि प्रतिनिधियों की सूची अंतिम रूप से तैयार की जा सके।

45 साल से कम उम्र के जनप्रतिनिधियों को आमंत्रण

सम्मेलन में ऐसे विधायकों को आमंत्रित किया जा रहा है जिनकी उम्र 45 वर्ष से कम है। माना जा रहा है कि युवा जनप्रतिनिधियों को इस मंच पर अपने अनुभव साझा करने और संसदीय कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिलेगा।

कई प्रमुख नेता हो सकते हैं शामिल

इस आयोजन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और राजस्थान व छत्तीसगढ़ विधानसभाओं के अध्यक्षों को भी आमंत्रण भेजा गया है।

तैयारियों की लगातार समीक्षा

सम्मेलन की तैयारियों पर विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर और विधानसभा के प्रमुख सचिव अरविंद शर्मा नजर बनाए हुए हैं। कार्यक्रम को लेकर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस दो दिवसीय आयोजन में युवा विधायकों को संसदीय व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करने और अनुभव साझा करने का अवसर मिलेगा।