असम चुनाव के लिए कांग्रेस ने 42 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की, जोरहाट से लड़ेंगे गौरव गोगोई

You are currently viewing असम चुनाव के लिए कांग्रेस ने 42 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की, जोरहाट से लड़ेंगे गौरव गोगोई

कांग्रेस ने असम विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है. इस सूची में 42 प्रत्याशियों के नाम हैं. लोकसभा में विपक्ष के उपनेता गौरव गोगोई जोरहाट विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे. वे इसी सीट से सांसद भी हैं. असम की 126 सीट वाली विधानसभा के लिए मार्च-अप्रैल में चुनाव हो सकते हैं. होली के बाद किसी भी दिन निर्वाचन आयोग विधानसभा चुनाव के लिए तारीखों की घोषणा कर सकता है.

ये हैं हाई प्रोफाइल सीट

असम विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवारों की पहली सूची में अभिजीत पॉल को सिलचर, इंद्रनील पेगु को माजुली और मीर बोरठाकुर को दिसपुर से प्रत्याशी बनाया गया है. पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने अपर असम, लोअर असम और बराक घाटी के अलग-अलग चुनाव क्षेत्रों में कई रिजर्व्ड और सामान्य सीटों के लिए प्रत्याशियों का चयन कर लिया है. कई वर्तमान विधायकों को इस लिस्ट में जगह मिली है.

गिरीश बरुआ को बोंगाईगांव, महानंदा सरकार को बरपेटा, रामेन सिंह राभा को बोको-चायगांव, नंदिता दास को हाजो सुआलकुची और सत्यब्रत कलिता को कमलपुर विधानसभा सीट से उतारा गया है.

वर्तमान में बीजेपी संगठन की सरकार

असम की 126 सदस्यों वाली विधानसभा में बीजेपी के 64 विधायक हैं. असम गण परिषद के 9, यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल के 7 और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट के तीन सदस्य हैं. वहीं, विपक्ष की बात करें तो कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी है. उसके 26 विधायक हैं. AIUDF के 15 और CPI (M) का एक विधायक है. राज्य में बीजेपी की साल 2016 से सरकार है.