गर्मी के बाद अब बवंडर:18 मई तक तेज़ आंधी-बारिश का अलर्ट, 27 ज़िले हाई अलर्ट पर!

You are currently viewing गर्मी के बाद अब बवंडर:18 मई तक तेज़ आंधी-बारिश का अलर्ट, 27 ज़िले हाई अलर्ट पर!

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:

मध्यप्रदेश का मौसम अचानक पलट गया है और अब आने वाले चार दिन—यानी 18 मई तक प्रदेशभर में तेज़ आंधी और झमाझम बारिश की चेतावनी जारी कर दी गई है। मौसम विभाग की ताज़ा रिपोर्ट के अनुसार, इंदौर, उज्जैन समेत 27 जिलों में गुरुवार से मौसम बेहद उग्र रूप ले सकता है। कहीं आकाश से बिजली गिरेगी, तो कहीं तेज़ हवाएं पेड़-पोल उखाड़ सकती हैं। मौसम का ये बदला मिजाज़ जहां तेज गर्मी से राहत देगा, वहीं सावधानी नहीं बरती गई तो भारी नुकसान भी संभव है।

सबसे बड़ी बात—20 मई के बाद गर्मी दोबारा अपना कहर बरपाएगी, लेकिन राहत की बात यह है कि मई के आखिरी सप्ताह में एक बार फिर मौसम बदलने की संभावना है। यानी आने वाले दो हफ्तों में मध्यप्रदेश का मौसम लगातार रोलरकोस्टर पर रहने वाला है—कभी आंधी-तूफान, कभी बारिश, और फिर भीषण गर्मी।

सीनियर मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि इस समय गुजरात के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम सक्रिय है, जो पूरे मध्यप्रदेश के मौसम को प्रभावित कर रहा है। इसके अलावा एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) भी एक्टिव है, जो प्रदेश में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की वजह बन रहा है।

बता दें, गुरुवार को जिन 27 जिलों में अलर्ट जारी हुआ है, उनमें प्रमुख रूप से इंदौर, उज्जैन, रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बड़वानी, खरगोन, देवास, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, मुरैना, भिंड, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, मैहर और उमरिया शामिल हैं। इन जिलों में तेज हवाएं, बिजली गिरने और छिटपुट बारिश का अनुमान है।

इससे पहले बुधवार को प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम ने दो रूप दिखाए। एक तरफ भोपाल, नर्मदापुरम, उज्जैन, रायसेन, मंदसौर और नीमच में बारिश दर्ज की गई, तो वहीं दूसरी ओर सीहोर, बड़वानी, रतलाम, खरगोन, बैतूल, छिंदवाड़ा, सिवनी, उमरिया, बालाघाट, डिंडौरी और अनूपपुर में तेज आंधी चली।

इस बीच, छतरपुर जिले के खजुराहो और नौगांव प्रदेश के सबसे गर्म शहर रहे। खजुराहो में तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस, नौगांव में 42.5 डिग्री रहा। इसके अलावा टीकमगढ़ में 42, सतना में 41.8, रीवा में 41.5, गुना में 41, सीधी में 40.8, दमोह में 40.6 और मंडला में 40.5 डिग्री दर्ज किया गया।

प्रदेश के बड़े शहरों में भी गर्मी ने खूब सताया। भोपाल में पारा 37.8 डिग्री, इंदौर में 36.8, ग्वालियर में 41.8, उज्जैन में 37.7 और जबलपुर में 39.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इस बीच, मध्यप्रदेश का इकलौता हिल स्टेशन पचमढ़ी राहत भरा रहा, जहां अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री रहा।