हर हर महादेव की गूंज के साथ शुरू हुई अमरनाथ यात्रा, पहला जत्था रवाना: 3.5 लाख श्रद्धालुओं ने कराया रजिस्ट्रेशन, 38 दिन चलेगी अमरनाथ यात्रा 2025!

You are currently viewing हर हर महादेव की गूंज के साथ शुरू हुई अमरनाथ यात्रा, पहला जत्था रवाना: 3.5 लाख श्रद्धालुओं ने कराया रजिस्ट्रेशन, 38 दिन चलेगी अमरनाथ यात्रा 2025!

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:

अमरनाथ यात्रा 2025 का शुभारंभ आज सुबह आधिकारिक रूप से हो गया। तड़के बाबा बर्फानी की पहली आरती के साथ श्रद्धा, आस्था और उत्साह का संगम देखने को मिला। जम्मू-कश्मीर की पवित्र अमरनाथ गुफा की ओर पहला जत्था बालटाल और नुनवान (पहलगाम) बेस कैंप से जयकारों की गूंज के बीच रवाना हुआ। यात्रा के शुभारंभ पर ‘हर हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ की ध्वनि से पहाड़ियां भक्तिमय हो उठीं।

इससे एक दिन पहले, बुधवार को जम्मू के भगवती नगर कैंप से पहला जत्था उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। इस जत्थे में कुल 5,892 श्रद्धालु शामिल थे। जैसे ही ये श्रद्धालु कश्मीर पहुंचे, स्थानीय लोगों और प्रशासन द्वारा उनका स्वागत गर्मजोशी से किया गया।

38 दिनों तक चलने वाली यह यात्रा 9 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन समाप्त होगी। पहलगाम और बालटाल – दोनों प्रमुख रूटों से बाबा अमरनाथ की पवित्र गुफा तक श्रद्धालु यात्रा करेंगे। पिछले वर्ष जहां यह यात्रा 52 दिन चली थी, वहीं इस बार इसे 38 दिनों तक सीमित रखा गया है, लेकिन श्रद्धालुओं के जोश में कोई कमी नहीं है। अब तक 3.5 लाख से अधिक तीर्थयात्री रजिस्ट्रेशन करवा चुके हैं और लगातार नए नाम जुड़ रहे हैं। जम्मू के सरस्वती धाम, वैष्णवी धाम, पंचायत भवन और महाजन सभा जैसे रजिस्ट्रेशन केंद्रों पर श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें देखी जा रही हैं। रोज़ाना करीब 2,000 लोगों का रजिस्ट्रेशन हो रहा है। पहलगाम में 4 जुलाई के स्लॉट के लिए लाइनें पहले ही लग चुकी हैं।

यात्रा के प्रमुख रूट और मार्गदर्शन:

1. पहलगाम रूट:

तीन दिनों में पूरा होने वाला यह रूट अपेक्षाकृत आसान माना जाता है। इस रास्ते पर कोई खड़ी चढ़ाई नहीं होती। यात्रा की शुरुआत पहलगाम से होती है, जो चंदनवाड़ी (16 किमी) पहुंचने पर पहला पड़ाव होता है। इसके बाद पिस्सू टॉप, शेषनाग (9 किमी), पंचतरणी (14 किमी), और फिर बाबा अमरनाथ की पवित्र गुफा (6 किमी) का चरणबद्ध सफर तय होता है।

2. बालटाल रूट:

यह रूट केवल 14 किमी लंबा है लेकिन अत्यधिक खड़ी चढ़ाई के कारण कठिन माना जाता है। बुजुर्गों और शारीरिक रूप से कमजोर श्रद्धालुओं के लिए यह मार्ग चुनौतियों से भरा है। फिर भी, कम समय में दर्शन करने के लिए यह विकल्प सुविधाजनक माना जाता है।