“राहुल गांधी और कांग्रेस को डूब मरना चाहिए”- बिहार चुनाव में सियासी गर्माहट बढ़ी: मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शेरा बाजार में की बड़ी जनसभा, राहुल गांधी और कांग्रेस पर साधा निशाना!

You are currently viewing “राहुल गांधी और कांग्रेस को डूब मरना चाहिए”- बिहार चुनाव में सियासी गर्माहट बढ़ी: मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शेरा बाजार में की बड़ी जनसभा, राहुल गांधी और कांग्रेस पर साधा निशाना!

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:

बिहार विधानसभा चुनाव में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ही ओर से ताबड़तोड़ प्रचार जारी है। इसी कड़ी में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को पश्चिम चंपारण के शेरा बाजार खेल मैदान में एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान मंच पर केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे, स्थानीय सांसद और कई भाजपा नेता मौजूद रहे।

मोहन यादव बोले — “राहुल गांधी और कांग्रेस को डूब मरना चाहिए”

सभा के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस और विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा —

“राहुल गांधी और कांग्रेस को डूब मरना चाहिए। ये विदेशों में जाकर देश का अपमान करते हैं और हमारी सेना के पराक्रम पर सबूत मांगते हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने जो सम्मान हासिल किया है, उसकी बराबरी कोई नहीं कर सकता।
मोहन यादव ने भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि –

“प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भाजपा ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को देश के सर्वोच्च पद तक पहुंचाया।
महादलित आयोग भाजपा सरकार ने बनाया और ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा भी पीएम मोदी ने ही दिया।”

 “भाजपा जनता के विश्वास और राष्ट्रहित के लिए काम करती है”

मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे ऐसे उम्मीदवार को जिताएं जो देश की सुरक्षा और सम्मान के लिए खड़ा रहे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राजद जैसी पार्टियां सिर्फ वादे करने वाली पार्टियां हैं, जबकि भाजपा ने हमेशा जनता के विश्वास को निभाया है।
मोहन यादव ने कहा —

“हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 56 इंच के सीने वाले नेता हैं। उन्होंने पुलवामा का बदला दुश्मनों के घर में घुसकर लिया। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से भारत की ताकत पूरी दुनिया ने देखी है।”

सतीश चंद्र दुबे बोले — “नीतीश कुमार के नेतृत्व में फिर बनेगी सरकार”

सभा में केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनने जा रही है।
उन्होंने कहा —

“2005 से पहले बिहार की हालत खराब थी। न तो बच्चे स्कूल जाते थे और न ही सड़कों का नामोनिशान था। लेकिन नीतीश कुमार के आने के बाद शिक्षा और विकास दोनों में सुधार हुआ। अब बच्चे साइकिल योजना के जरिए ट्रिन-ट्रिन करते स्कूल जा रहे हैं।”

 सांसद संजय जायसवाल का तंज – “नकामा लूटेरा था प्रत्याशी”

सभा के दौरान भाजपा सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने भी मंच से अपने अंदाज़ में विपक्ष पर प्रहार किया। उन्होंने जदयू के पूर्व मंत्री खुर्शीद फिरोज अहमद पर तंज कसते हुए कहा —

“2020 के चुनाव में भाजपा ने हर जगह जोरदार प्रचार किया, लेकिन सिकटा विधानसभा क्षेत्र में प्रचार नहीं हुआ, क्योंकि वहां से एक ‘नकामा लूटेरा’ प्रत्याशी खड़ा था, जो सड़क तक को डकार जाता था।”

सांसद ने कहा कि जनता अब ऐसे नेताओं की असलियत समझ चुकी है और अब विकास, रोजगार और जनहित के मुद्दों पर वोट करेगी।

भाजपा की जनसभाओं में दिखी भीड़ और जोश

शेरा बाजार खेल मैदान में हुई जनसभा में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। मंच पर नेताओं के भाषणों के दौरान ‘जय श्रीराम’ और ‘मोदी-नीतीश जिंदाबाद’ के नारे गूंजते रहे।
कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ मुख्यमंत्री मोहन यादव का स्वागत किया।

 

Leave a Reply